Murder In Rohtak : हरियाणा के रोहतक में युवक की दिनदहाड़े चाकू घोंपकर हत्या
हरियाणा के रोहतक शहर के संजय नगर में मस्तनाथ विवि के बीसीए के छात्र प्रिंस (21) की मंगलवार शाम सात बजे चार युवकों ने छुरी मारकर हत्या कर दी
नई दिल्ली। हरियाणा के रोहतक शहर के संजय नगर में मस्तनाथ विवि के बीसीए के छात्र प्रिंस (21) की मंगलवार शाम सात बजे चार युवकों ने छुरी मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने संजय के सीने में दिल के पास छुरी से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने कर आरोपी चारों युवक मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपेगी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब आठ बजे सूचना मिली कि पीजीआई के संजय नगर निवासी प्रिंस को छुरी लगने के कारण गंभीर हालत में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां उसके परिजनों ने बताया कि 15 दिन पहले एक पार्टी के दौरान उसका कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
इसके बावजूद दूसरा पक्ष रंजिश रखे हुए था। मंगलवार शाम करीब सवा 7 बजे आरोपियों ने फोन करके उसे घर से बाहर बुलाया। दूसरी गली में ले जाकर झगड़ा करने लगे। झगड़े में सीने में दिल के पास चाकू मार दिया। चाकू लगने से प्रिंस लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजनों ने तत्काल उसे पीजीआई में दाखिल करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की जांच में पता चला कि प्रिंस अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है। इतना ही नहीं, पिता मेहनत मजदूरी करके घर चला रहे हैं। साथ ही अब बीमार चल रहे हैं। पिता विक्रम ने सपना देखा था कि बेटा अच्छी तरह पढ़ लिखकर घर का सहारा बनेगा। उसे क्या पता था कि यूं बेटे की हत्या हो जाएगी।
संजय नगर निवासी प्रिंस की हत्या के पीछे 15 दिन पहले हुई कहासुनी की बात सामने आ रही है। परिजनों ने चार युवकों पर आरोप लगाया है। मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ कर रहे हैं। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।