नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को महामुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए दोनों टीमें तैयार हैं। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में होने वाले इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों और पाकिस्तानी गेंदबाजों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। टीम इंडिया की बैटिंग लाइन अप में जहां रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव जैसे बल्लेबाज हैं। वहीं, पाकिस्तान की बॉलिंग लाइन अप शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ, नसीम शाह, शादाब खान और मोहम्मद नवाज जैसे गेंदबाजों से सजी हुई है। ऐसे में मुकाबला रोचक रहने वाला है।
इस मैच में जो सबसे बड़ी जंग देखने को मिलेगी, वह सूर्यकुमार और पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के बीच होगी। यह दोनों बल्लेबाज मौजूदा आईसीसी टी20 रैंकिंग में टॉप दो बल्लेबाज हैं। दोनों के बीच कुछ ही अंकों का फासला है। ऐसे में अगर सूर्यकुमार रिजवान से ज्यादा रन और बेहतर बल्लेबाजी करने में कामयाब होते हैं तो वह पाकिस्तानी बल्लेबाज को पीछे छोड़ देंगे और टी20 के नंबर वन बैटर बन जाएंगे।
रिजवान के फिलहाल 861 पॉइंट्स हैं। वहीं, सूर्यकुमार के 838 पॉइंट्स हैं। दोनों के बीच 23 अंकों का फासला है। पिछले कुछ समय में दोनों ही बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा है। रिजवान ने इस साल अब तक 18 मैचों की 18 पारियों में 126.30 के स्ट्राइक रेट से 821 रन बनाए हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 88 रन का रहा है। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने साल 2022 में 23 मैचों की 23 पारियों में 184.56 के स्ट्राइक रेट से 801 रन बनाए हैं। 117 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है।
सूर्यकुमार के नाम सबसे तेज हजार रन
सूर्यकुमार ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में टी20 अंतरराष्ट्रीय में हजार रन पूरे किए थे। सूर्यकुमार ने 32 मैचों की 31 पारियों में हजार रन पूरे किए। वह भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम पारियों में हजार रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। विराट कोहली ने 27 पारियों में और केएल राहुल ने 29 पारियों में हजार रन पूरे किए थे।
सूर्यकुमार हजार रन पूरे करने के साथ ही कोहली, रोहित, महेंद्र सिंह धोनी, युवराज सिंह, शिखर धवन और सुरेश रैना के क्लब में शामिल हो गए। साथ ही सूर्यकुमार टी20 अंतरराष्ट्रीय में गेंद के मामले में सबसे तेज हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। सूर्यकुमार ने कुल 573 गेंद खेलकर 174 के स्ट्राइक रेट से हजार रन पूरे किए हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर ग्लेन मैक्सवेल हैं। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में हजार रन पूरे करने के लिए कुल 604 गेंदें खेली थीं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 166 का रहा था। तीसरे नंबर पर 635 गेंद के साथ न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो हैं।
सूर्यकुमार के नाम एक कैलेंडर में सबसे ज्यादा रन
सूर्यकुमार ने साल 2022 में अब तक 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 801 रन बनाए हैं। वह एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। अब सूर्यकुमार की नजर पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम के रिकॉर्ड पर भी है। एक कैलेंडर ईयर में टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रिजवान के नाम है। रिजवान ने साल 2021 में 29 मैचों में 1326 रन बनाए थे। वहीं, बाबर ने 2021 में 29 मैचों में 939 रन बनाए थे। इसके बाद सूर्यकुमार का नंबर आता है।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन
खिलाड़ी (देश)
साल
मैच
रन
मोहम्मद रिजवान (PAK)
2021
29
1326
बाबर आजम (PAK)
2021
29
939
सूर्यकुमार यादव (IND)
2022
23
801
पॉल स्टर्लिंग (IRE)
2019
20
748
केविन ओ’ब्रायन (IRE)
2019
23
729
मैक्स ओ’डॉड (NED)
2019
24
702
शिखर धवन (IND)
2018
18
689
मार्टिन गुप्टिल (NZ)
2021
18
678
विराट कोहली (INDIA)
2016
15
641
बेन कूपर (NED)
2019
21
637
सूर्यकुमार के नाम एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के
सूर्यकुमार ने साथ ही एक कैलेंडर ईयर में टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने इस साल (2022) अब तक कुल 51 छक्के लगाए हैं। इस मुकाम को छूने वाले वह पहले खिलाड़ी हैं। इससे पहले एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड मोहम्मद रिजवान के नाम था। रिजवान ने 2021 में 42 छक्के लगाए थे। वहीं, मार्टिन गुप्टिल ने भी 2021 में 41 छक्के लगाए थे और वह तीसरे नंबर पर हैं।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के