BJP Manifesto Gujarat : BJP ने किया कांग्रेस से दोगुना रोजगार देने का वादा
BJP ने 5 साल में 20 लाख नौकरियां देने का वादा किया है। इसके अलावा, छात्राओं को मुफ्त में इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का वादा भी किया गया है।

गुजरात चुनाव को देखते हुए रेवड़ियों का दौर जारी हो गया है। इस दौड़ में अब BJP सबको छोड़ते हुए एक कदम आगे निकल चुकी है। बतादें कि गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए गांधी नगर में शनिवार को पार्टी का घोषणा पत्र जारी हो गया है। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल भी मौजूद रहे। वहीं इस बार पार्टी ने 5 साल में 20 लाख नौकरियां देने का वादा किया है। इसके अलावा, छात्राओं को मुफ्त में इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का वादा भी किया गया है।
आइए एक नजर डालते है BJP के 10 बड़े वादों पर
- गुजरात में 5 साल में 20 लाख रोजगार।
- मजदूरों को क्रेडिट कार्ड और 2 लाख तक लोन दिया जाएगा।
- सिंचाई के लिए 25 हजार करोड़ का प्रावधान किया जाएगा।
- महिलाओं को 5 सालों में एक लाख रोजगार देंगे।
- UCC कमेटी की सिफारिशों को लागू करेंगे।
- कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर कोष के तहत 10 हजार करोड़ रुपए।
- देवभूमि द्वारका कॉरिडोर का निर्माण करेंगे।
- 20,000 सरकारी स्कूलों के उत्कृष्ट बनाएंगे।
- यूनिफॉर्म सिविस कोड पर सिफारिश लागू करेंगे।
- गोशालाओं के लिए 500 करोड़ रुपए।
इतना ही नहीं जे पी नड्डा ने तो एक कदम आगें बढ़ते हुए गुजरात में AIIMS जैसे संस्थान बनाने का भी वादा गुजरात की जनता को कर दिया। नड्डा ने कहा कि हमारा यह संकल्प पत्र महज एक डॉक्यूमेंट नहीं है। बीजेपी सरकार जो कहती है वो करती है। हम संविधान के अनुसार चलते हैं। मेनिफेस्टो में पार्टी ने गुजरात में 3 सिविल मेडिसिटी और दो AIIMS जैसे संस्थान बनाने का वादा किया है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र में दो सी फूड पार्क बनाए जाएंगे।
नेताओं ने कहा कि राज्य में 1000 से अतिरिक्त मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां स्थापित की जाएंगी। साथ ही असामाजिक तत्वों से वसूली के लिए कानून लाएंगे। वरिष्ठ महिला नागरिकों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी।
पाटिल का दावा ,जनता की राय के बाद तैयार किया घोषणा पत्र
गुजरात भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने कहा कि घोषणा पत्र तैयार करने के लिए गुजरात के एक करोड़ से ज्यादा लोगों से राय ली गई, इसके लिए व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया था। युवाओं से भी संपर्क किया गया। बताते चलें कि इससे पहले कांग्रेस भी अपना घोषणा पत्र जारी कर चुकी है। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलने का वादा भी किया है।
10 लाख नौकरियां, कर्ज माफी और फ्री बिजली
कांग्रेस ने गुजरात चुनाव के लिए अहमदाबाद में पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। इसमें 10 लाख सरकारी नौकरियां, किसानों की कर्ज माफी और हर महीने 300 यूनिट तक फ्री बिजली देने का वादा किया। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में भारी-भरकम दावे किए, लेकिन इसमें वादों से ज्यादा विवादों की छाया नजर आ रही है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलकर सरदार पटेल करने का वादा
पार्टी ने अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलकर सरदार पटेल करने का वादा किया है। वहीं, बिलकिस बानो गैंगरेप केस के दोषियों की रिहाई रद्द कर उन्हें फिर जेल भेजने की बात भी कही। यहां तक कि पार्टी नेता मधुसूदन मिस्त्री ने तो यह तक कह दिया कि मोदी कभी पटेल नहीं बन सकते। उन्होंने कहा- इस चुनाव में उन्हें औकात दिख जाएगी।
1 और 5 दिसंबर को होगा मतदान
राज्य में पहले चरण की वोटिंग 1 दिसंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को होगी। वहीं, दोनों चरणों की मतगणना 8 दिसंबर को होगी। पहले चरण की वोटिंग प्रक्रिया के लिए गजट नोटिफिकेशन 5 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग प्रक्रिया के लिए 10 नवंबर को जारी हुआ था।