
- भारत जोड़ो यात्रा की मध्य प्रदेश में एंट्री
- प्रियंका भी भाई के साथ मिलाएंगी कदम
- प्रियंका अपने पति,बच्चों से साथ होंगी शामिल
नई दिल्ली। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की आज मध्य प्रदेश में एंट्री हो गई है. सुबह करीब सात बजे बुरहानपुर के रास्ते राहुल गांधी मध्य प्रदेश पहुंचे. मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के बोंदरली गांव से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई, जो शाम 6 बजे ये यात्रा बुरहानपुर शहर पहुंचेगी. राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं व आम लोगों ने राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया।
यात्रा के पीछे दो-तीन लक्ष्य हैं -राहुल गांधी
इसके बाद राहुल गांधी ने मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कहा, विपक्ष के लोगों ने कहा था कि हिंदुस्तान 3600 किमी लंबा है. इसे पैदल तय नहीं किया जा सकता. हम मध्य प्रदेश आ गए हैं.370 किमी यहां चलेंगे. यह तिरंगा श्रीनगर तक जाएगा और हम डरने वाले नहीं हैं. यह यात्रा हिंदुस्तान में फैलाए जा रहे नफरत, हिंसा और डर के ख़िलाफ़ है.राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत करते हुए कहा कि इस यात्रा के पीछे दो-तीन लक्ष्य हैं. ये यात्रा उस नफरत, हिंसा और डर के खिलाफ है, जिसे भारत में फैलाया जा रहा है. बीजेपी का तरीका यही है. सबसे पहले डर फैलाना. युवाओं किसानों और आम लोगों में डर फैलाना, जब डर फैल जाता है तो उसे हिंसा में बदल देते हैं. हिंसा डर का ही रूप है. हमारी इस यात्रा का लक्ष्य इस डर को मिटाना है. इस हिंदुस्तान में किसी से डरने की जरूरत नहीं है।