
कन्याकुमारी से चलकर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) आज दिल्ली पहुंच गई है। बता दें राहुल गांधी ने पिछले 107 दिन में लगभग 3000 किलोमीटर की दूरी तय की है। वहीं दिल्ली में राहुल गांधी का साथ देने उनकी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी भी इस यात्रा में शामिल हो गई हैं। यहां राहुल ने कहा- मैंने RSS और BJP के लोगों से कहा है कि हम आपके नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोलने आए हैं।
वहीं अगर हम इस यात्रा की बात करें तो राहुल की यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भीड़ पहुंची है। इस वजह से दिल्ली पुलिस ने दो दर्जन से ज्यादा जगह ट्रैफिक डायवर्ट किया है। वहीं, बदरपुर बॉर्डर से लाल किले तक हैवी ट्रैफिक रहने की संभावना जताई है। दिल्ली कांग्रेस के मुताबिक, यात्रा शनिवार को 23 किमी का सफर तय करके शाम साढ़े चार बजे लाल किले पर समाप्त होगी। इसके बाद यात्रा में 9 दिन का ब्रेक रहेगा।
दिल्ली में राहुल गांधी के बड़े बयान
BJP नफरत फैलाती हैं, हम प्यार फैलाते हैं। हम सभी भारतीयों को गले लगाते हैं। हर भारतीय को देश में प्यार फैलाने के लिए एक छोटी सी दुकान खोलनी चाहिए।
भारत जोड़ो यात्रा में कहीं नफरत नहीं है। इस यात्रा में कोई गिरता है तो सब लोग उसको उठा देते हैं। मदद करते हैं सभी, यही सच्चा हिंदुस्तान है।
आप किसी से भी पूछिए कि क्या इस यात्रा में किसी से धर्म पूछा गया? अमीर और गरीब का अंतर किया गया? तो जवाब मिलेगा- नहीं। इस यात्रा में सिर्फ मोहब्बत है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ट्रैफिक को लेकर सतर्क
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जब तक यह यात्रा दिल्ली के अंदर है तब तक यात्रा रूट से हटकर जाने वाली सड़क या बाईपास का ही इस्तेमाल करें। साथ ही अपने वाहन की जगह पब्लिक ट्रांसपोर्ट से आएं जाएं। यात्रा के कारण बदरपुर फ्लाईओवर, प्रह्लादपुर रेड लाइट, महरौली बदरपुर रोड, अपोलो फ्लाईओवर, मथुरा रोड सीआरआरआई रेड लाइट, मथुरा रोड, मोदी मिल फ्लाई ओवर, आश्रम चौक पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।
भारत जोड़ो यात्रा का अब तक का सफर
कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई यात्रा ने अब तक 9 राज्यों का सफर तय किया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा शामिल हैं। इस दौरान इन राज्यों के 46 जिलों को कवर किया गया है।