
राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में मौसम एक बार फिर से बदलने वाला है। यह सप्ताह इसलिए भी खास होगा क्योंकि इस हफ्ते मौसम के सभी रंग देखने को मिलेंगे। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा के लिए जो अलर्ट जारी किया गया है उसमें बारिश, ठंड, कोहरा, सबकुछ देखने को मिलेगा। रविवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले हफ्ते हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। वहीं चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला में भारी बारिश और हिमपात की संभावना है। धीरे-धीरे फिर मौसम बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसकी वजह से पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्र में हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में 24 जनवरी को हल्की बारिश होगी।
दिल्ली में बारिश के बाद क्या बढ़ेगी ठंड
राजधानी दिल्ली में 24,25 और 26 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि बारिश की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास अंतर देखने को नहीं मिलेगा। अगले सप्ताह अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच वहीं न्यूनतम तापमान 9 से दस डिग्री के बीच रहेगा। सोमवार से ही आसमान में बादल छाए रहेंगे और मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार बाद से मौसम साफ रहेगा जिसके बाद ठंड में भी कमी आएगी। दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यूपी-बिहार का कैसा रहेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है जिसकी वजह से पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्र में हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में 24 जनवरी को हल्की बारिश होगी। 25 जनवरी को भी बारिश के आसार हैं। इसकी वजह से सर्दी बढ़ेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार की बारिश के बाद रविवार धूप खिली। यूपी के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया गया। वहीं बिहार के कई जिलों में भी शनिवार बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले हफ्ते से दिन के वक्त धूप खिली रहेगी। हालांकि सुबह और शाम वाली ठंड से अभी राहत नहीं मिलेगी।