Weatherअयोध्याअलीगढ़उत्तर प्रदेशउत्तराखंडउन्नावग़ाज़ियाबादगोरखपुरदिल्लीफ़िरोज़ाबादबुलन्दशहरलखनऊवाराणसी

Weather: इन राज्यों में अगले पांच दिन बरपेगा ठंड का कहर

मौसम (Weather) विभाग के अनुसार, आज यानी 15 जनवरी से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में शीतलहर लौटने की आशंका है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और यूपी के कुछ इलाकों में बारिश के भी आसार हैं।

मौसम (Weather) विभाग के अनुसार, आज यानी 15 जनवरी से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में शीतलहर लौटने की आशंका है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और यूपी के कुछ इलाकों में बारिश के भी आसार हैं, जिससे तापमान और नीचे गिर सकता है। आइए जानते हैं कि उत्तर भारत के किस राज्य में अगले पांच दिन तक कैसा मौसम रहेगा? हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों में क्या होगा?

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी गलन

दिल्ली-एनसीआर में आज से तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बर्फ से ढके पहाड़ों से बर्फीली उत्तरपूर्वी हवाएं पहले ही मैदानी इलाकों की ओर बहने लगी हैं। इससे पश्चिमी विक्षोभ, जिसने उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े क्षेत्रों में ठंड से राहत दिलाई थी, पीछे हटना शुरू हो गया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ से राहत मिलने से पहले उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में इस महीने के अधिकांश दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।

यूपी में और गिरेगा पारा

यूपी में 19 जनवरी तक भीषण ठंड की संभावना जताई गई है। इसको लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यूपी में अब अगले पांच दिन कड़ाके की ठंड पड़ने के पूरे आसार हैं। पारा 2 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि 16 से 19 के बीच सबसे ज्यादा ठंड पड़ेगी। इस बीच, घने कोहरे की भी आशंका है।

राजस्थान: शीतलहर का अनुमान

सूबे में अगले कुछ दिन कंपाने वाली सर्दी पड़ेगी। इससे रात का पारा सामान्य से नीचे आ जाएगा और अधिकतम तापमान में गिरावट होगी। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन 16 शहरों में शीतलहर के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है।

बिहार: कोहरे के चादर से लिपटेगा बिहार

प्रदेश के 11 शहरों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आलम ये है कि दिल्ली और जम्मू से भी ज्यादा असर देखने को मिल रहा। पटना, छपरा, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत 11 जिलों में तापमान धर्मशाला और कुल्लु से भी नीचे चला गया। मौसम वैज्ञानिकों ने 18 जनवरी तक बिहार में अधिकतम तापमान 16 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है, जबकि न्यूनतम तापमान छह से सात डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बिहार के समस्तीपुर, सारण, वैशाली, मोतिहारी, पूर्णिया सहित 20 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अररिया, सारण, किशनगंज को छोड़कर राज्य के सभी शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है।

मध्य प्रदेश: तापमान में गिरावट जारी

भोपाल में शनिवार को तापमान में तेजी से गिरावट आई है। ठंड से थोड़ी राहत के बाद एक बार फिर शहर और राज्य में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 जनवरी तक तापमान में गिरावट आएगी, जिसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर होगा। इसके बाद रात के तापमान में वृद्धि होगी। वहीं, तापमान में गिरावट के बाद ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक दो-दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा।

छत्तीसगढ़ : अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी

हवा की दिशा में बदलाव के बाद आसमान में हल्के बादलों के कारण मौसम सामान्य रहा। अभी पश्चिम से हवा आ रही है। रविवार से यह फिर से उत्तर की तरफ से आ सकती है। शनिवार को दिनभर ठंडी हवाओं के कारण वातावरण खुशनुमा बना रहा। अभी अगले दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उसके बाद अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि छत्तीसगढ़ के मैदानों ही नहीं बल्कि जंगल-पहाड़ों में भी अब ठंड में ज्यादा वृद्धि की संभावना नहीं है।

उत्तराखंड : रुक-रुककर हो सकती है बर्फबारी

मौसम के करवट बदलने के बाद शनिवार को चौथे दिन भी बारिश और बर्फबारी हुई। चारधाम सहित उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर मध्यम हिमपात हुआ। जबकि, निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई। गलन भरी हवाओं के चलते प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई। देहरादून में शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक बारिश हुई। धनोल्टी और आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात हुआ। इससे सैलानियों के चेहरे खिल गए। शनिवार को बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी बर्फबारी हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button