UP Weather Update: बारिश-ओलों के बीच मनेगी 26 जनवरी!
मौसम के तेवर एकदम से बदल गए। UP के कुछ शहरों में आज बारिश हुई। जबकि बुधवार को कई जगह गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।

मौसम के तेवर एकदम से बदल गए। UP के कुछ शहरों में आज बारिश हुई। जबकि बुधवार को कई जगह गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 25 जनवरी के लिए भी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। पश्चिमी यूपी के शहरों में ओले भी गिर सकते हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 29 जनवरी तक ऐसा मौसम बना रहेगा।
2 दिन में बारिश का दायरा बढ़ने का भी अनुमान
मौसम विज्ञानी ने बताया कि आने वाले 2 दिनों में बारिश की रफ्तार और इसका दायरा बढ़ सकता है। इसको लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, औरैया, शाहजहांपुर, बदायूं और आस-पास के इलाकों में ओलावृष्टि के आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की चेतावनी के मुताबिक मंगलवार को राजधानी लखनऊ में बदली छाई रहेगी। गरज-चमक के साथ बूंदा-बांदी हो सकती है। इस दौरान दिन का तापमान 24 डिग्री और रात का तापमान 12 डिग्री तक हो सकता है।
बीते 24 घंटे कोहरे से राहत, गुनगुनी धूप, फिर बदरी छाई रही
अब बीते 24 घंटे की मौसम रिपोर्ट आपको बताते हैं। सोमवार को राजधानी लखनऊ में कोहरे से राहत रही। सुबह के समय गुनगुनी धूप निकली और दिन भर बादलों की आवाजाही लगी रही। यहां दिन का तापमान 23.8 डिग्री रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा था। लखनऊ में रविवार/सोमवार रात का तापमान 11.8 डिग्री रिकार्ड हुआ। जो सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा था। कानपुर, प्रयागराज, झांसी और आगरा में बूंदाबांदी हुई थी।
कानपुर: बारिश का यलो अलर्ट
मंगलवार सुबह से बादलों की आवाजाही जारी है। दिन का तापमान 16 डिग्री के आस-पास बना हुआ है। आज भी बारिश के पूरे आसार बने हुए हैं। रविवार को 8 मिमी बारिश के बाद सोमवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया। 28 और 29 को भी गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस बीच गलन के साथ सर्दी बढ़ गई। बीते 24 घंटे के मौसम के हाल ऐसे रहे कि दिन भर बादलों से घिरे रहे, शहर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। इसमें 2 डिग्री की वृद्धि हुई। रात का पारा 9.4 डिग्री हो गया। उत्तर-पूर्वी हवाएं चलती रहीं। इससे नमी तो बढ़ी लेकिन बारिश नहीं हुई। हवा की रफ्तार 15 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई। इस कारण सर्दी के साथ गलन बढ़ने का अहसास हुआ।
26 जनवरी को बारिश की आशंका कम हुई
ये भी पूर्वानुमान दिया गया है कि 26 जनवरी को बारिश की आशंका बहुत कम हो गई है। जबकि 25 जनवरी को गरज-चमक के साथ तेज बारिश के आसार हैं। 30 जनवरी को बारिश के आसार हैं और 31 जनवरी से 6 फरवरी तक चटख धूप निकलेगी।