
कर्तव्य पथ पर सैन्य ताकत को पूरी दुनिया ने देखा। मगर इस बार खास बात यह रही कि मेड इन इंडिया ‘अकाश मिसाइल सिस्टम’ का नेतृत्व देश की बेटी लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा ने किया। लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा भारतीय सेना की वायु रक्षा रेजिमेंट में एक सैन्य अफसर हैं। इस रेजिमेंट का मकसद ड्रोन और दुश्मन के फाइटर प्लेन को मात देना है।
लेफ्टिनेंट चेतना शर्मा भारतीय सेना की एयर डिफेंस रेजीमेंट में तैनात हैं। यह रेजीमेंट दुश्मन के एयरक्राफ्ट और ड्रोन से भारतीय एयर स्पेस की सुरक्षा में लगी है। चेतना शर्मा राजस्थान की रहने वाली हैं। चेतना शर्मा ने 5 बार सीडीएस परीक्षा दी, लेकिन छठवीं बार में परीक्षा पास की।
कर्तव्य पथ पर भारत की नारी शक्ति की शानदार झलक
गणतंत्र दिवस परेड में भारत की नारी शक्ति की शानदार झलक देखने को मिली। नौसेना, वायुसेना दस्तों की अगुवाई महिला ने की। वहीं, सीआरपीएफ के दस्ते में सभी महिलाएं शामिल थीं। भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन एक महिला द्रौपदी मुर्मू देश की तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर हैं। गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सैन्य शक्ति का मनमोहक दृश्य दिखा। नारी शक्ति की प्रतीक के तौर पर लेफ्टिनेंट कमांडर दिशा अमृत ने नौसेना के सलामी दस्ते का नेतृत्व किया। परेड में भारतीय सेना के घातक हथियारों, अत्याधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया।
आकाश मिसाइल की खासियत
आकाश मिसाइल सतह से आकाश की रक्षा के लिए सक्षम हैं ये एक स्वदेशी मिसाइल है जिसे डीआरडीओ की ओर से विकसित किया गया है। ये मिसाइल 30 किलोमीटर दूर और 18 हजार मीटर ऊंचाई तक टारगेट करने की ताकत रखती है। इसमें लड़ाकू विमान, क्रूज मिसाइलें, हवा की सतह वाली मिसाइलें आती हैं, जो भारतीय थल सेना और वायु सेना के पास हैं।